मुख्य सचिव के निर्देश के बाद भी कुरतरा में सरकारी जमीन से नहीं हट रहा अवैध कब्जा
फतेहगंज पश्चिमी। गांव कुरतरा में सरकारी जमीन पर हुए अवैध कब्जे को हटाने के मामले में तहसील प्रशासन लापरवाही बरत रहा है। मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद के निर्देश के बाद भी पूरे कब्जे नहीं हटाए गए हैं। प्रशासन मामूली कार्रवाई दिखाकर मामला निस्तारित करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन शिकायतकर्ताओं ने इसका विरोध किया है।
गांव निवासी दर्जन भर से अधिक पशुपालकों ने अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद से प्रधान सगीर हुसैन समेत कई दबंगों द्वारा खाद के गड्ढों की सरकारी भूमि पर निर्माण कर कब्जा करने की शिकायत की थी। शिकायत पर अपर मुख्य सचिव ने जिलाधिकारी को कब्जा हटवाने के निर्देश दिए थे। मंगलवार को यह आदेश तहसील मीरगंज पहुंचा।
शिकायतकर्ता डालचंद दिवाकर, राकेश कुमार, चोखेलाल, जयदेव गंगवार आदि का कहना है कि पूर्व में तहसील के निर्देश पर प्रधान सगीर हुसैन ने अपने भवन के आगे सीसी रोड जरूर तोड़ी थी, लेकिन मलबा नहीं हटाया। अन्य कब्जेदारों के कब्जे जस के तस हैं।
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि तहसील प्रशासन पूर्व की मामूली कार्रवाई के आधार पर ही उनकी सहमति लेकर अपर मुख्य सचिव के आदेश का निस्तारण करना चाहता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक पूरे अवैध कब्जे नहीं हटेंगे, तब तक वे सहमति नहीं देंगे।
राजस्व लेखपाल ने नापतोल के बाद अवैध कब्जा धारकों से खुद कब्जा हटाने का दिया मौखिक निर्देश
शुक्रवार को मौके पर पहुंचे लेखपाल हरीश गंगवार ने नापतोल करने के बाद खाद के गड्ढों की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा धारकों से 5 दिन में खुद कब्जा हटाने को कहा।चेतावनी दी अगर खुद नहीं हटाने पर बुलडोजर के द्वारा ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की जाएगी।



