दहेज न देने पर पति ने किया दूसरा निकाह, मारपीट कर घर से निकाला
फतेहगंज पश्चिमी। दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने दूसरी महिला के साथ भागकर निकाह करने के बाद परिजनों के साथ मिलकर बेरहमी से पीटकर घर से निकाल दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कस्बा के मोहल्ला अंसारी वार्ड-8 निवासी हसरत ने तहरीर देकर बताया उसका निकाह 21 मार्च 2021 को अमरोहा के थाना गजरौला के मोहल्ला मोहम्मदाबाद निवासी मुस्तजार अहमद से हुआ था। शादी में लाखों रुपये नकद, कार और अन्य सामान दहेज में देने के बाबजूद निकाह के कुछ समय बाद ससुराल वाले एक लाख रुपये, कार और बाइक की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर सास कलसाना, जेठ अकरम, जेठानी गुलशन और अन्य लोग मारपीट और गाली-गलौज करने लगे। इसी बीच पति ने गजरौला की जोया नामक महिला के साथ भागकर निकाह कर लिया।
पीड़िता के अनुसार 2 जून 2026 को देवर आसिफ ने घर में घुसकर छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उसे कमरे में बंद कर दिया गया। जानकारी होने पर मां मायके ले गई।18 जुलाई को मायके से लौटने पर पति, दूसरी पत्नी जोया और उसके परिजनों ने मिलकर उसकी पिटाई की और अधमरी हालत में घर से निकाल दिया। साथ ही दहेज का सारा सामान और जेवर छीन लिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक स्नेहा लौर को सौंपी गई है।




