वीर अब्दुल हमीद की जयंती पर श्रद्धांजलि, शौर्य को किया नमन

फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद की जयंती पर सोमवार को कस्बे में श्रद्धा और सम्मान के साथ उन्हें याद किया गया। इस अवसर पर एडवोकेट इमरान अंसारी के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में लोगों ने वीर अब्दुल हमीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडवोकेट इमरान अंसारी और डॉक्टर गयास अहमद ने वीर अब्दुल हमीद के अद्वितीय साहस, शौर्य और देशभक्ति को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि वीर अब्दुल हमीद भारतीय सेना के ऐसे अमर योद्धा हैं, जिनकी वीरता पर पूरा देश गर्व करता है। वर्ष 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में उन्होंने अपने अदम्य साहस और रणकौशल से दुश्मन के कई पैटन टैंकों को ध्वस्त कर इतिहास रच दिया था।
वक्ताओं ने बताया कि 1 जुलाई 1933 को गाजीपुर के धामूपुर गांव में जन्मे वीर अब्दुल हमीद ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने पराक्रम और कर्तव्यनिष्ठा से देश का नाम रोशन किया। उनका जीवन आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे वीर अब्दुल हमीद के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें तथा समाज और देश की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहें।
कार्यक्रम में आफताब आलम, अमजद अली खान, दक्ष गंगवार, असद अंसारी, आकाश मौर्य, वसीम, इलियास अंसारी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।



