सीएम पोर्टल पर शिकायत के बाद सड़क की जांच, रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी।

फतेहगंज पश्चिमी।नगर पंचायत में 28.85 लाख की लागत से बनी सीसी सड़क एक माह में उखड़ने के मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन में शिकायत के बाद बुधवार को जांच टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सड़क की खुदाई कर मोटाई नापी। जांच के दौरान खाना पूर्ति का आरोप लगाते हुए शिकायतकर्ता संतुष्ट नहीं हुआ।

मोहल्ला ठाकुर द्वारा निवासी अंशुल सक्सेना ने 8 जून को जनता दर्शन में मुख्यमंत्री को बताया था कि मेन रोड से वार्ड 14-15 में अफजल के मकान की ओर नगर पंचायत के ठेकेदार द्वारा बनाई गई सीसी सड़क व नाली महज एक माह में ही उखड़कर गड्ढों में बदल गई। आरोप है कि 28.85 लाख के इस काम में ठेकेदार, अधिशासी अधिकारी और जेई की मिलीभगत से भ्रष्टाचार हुआ।
अंशुल के अनुसार स्टीमेट में पत्थर समेत 10 इंच मोटी सड़क का मानक था, लेकिन ठेकेदार ने केवल 2 से 3 इंच सीसी डाली। घटिया सीमेंट लगने से सड़क उखड़ गई। मुख्यमंत्री ने शिकायत सुनकर उसी दिन डीएम बरेली को जांच के निर्देश दिए।
बुधवार दोपहर नायब तहसीलदार अरविंद कुमार और लेखपाल आदित्य गंगवार,नगर पंचायत जेई साथ जांच को पहुंचे। शिकायतकर्ता ने नगर पंचायत के जेई के जांच में शामिल होने पर आपत्ति जताई। इसके बाद पीडब्लूडी जेई संजय यादव को बुलाकर जांच की गई। शाम तक चली जांच में अलग-अलग जगह रोड की मोटाई 4 इंच से 7 इंच निकली।
पीडब्लूडी जेई संजय यादव ने बताया कि सड़क का मानक कहीं पूरा है और कहीं नहीं। पूरी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी। जांच के दौरान मोहर्रम जुलूस के लिए गड्ढे खोदने को लेकर दूसरे समुदाय के लोगों से शिकायतकर्ता की तीखी झड़प भी हुई। अंशुल सक्सेना ने कहा कि वह जांच से संतुष्ट नहीं हैं, उनकी बात नहीं सुनी गई।




