
फतेहगंज पश्चिमी। थाना क्षेत्र के ग्राम ठिरिया खेतल निवासी 24 वर्षीय शहजाद खाँ के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार शहजाद खाँ 8 अगस्त 2026 को सुबह करीब 10 बजे घर से बरेली जंक्शन जाने के लिए निकला था। उसे बरेली जंक्शन से मुंबई जाना था।

दोपहर करीब दो बजे परिजनों की फोन पर शहजाद से बात हुई थी। उसने बताया था कि ट्रेन लेट है और वह स्टेशन पर ही बैठा है। इसके बाद रात करीब आठ बजे परिजनों ने दोबारा फोन किया तो उसका मोबाइल बंद मिला। कई बार फोन करने के बावजूद मोबाइल बंद रहा।परिजनों ने रिश्तेदारी और मुंबई में उसके काम करने वाले स्थान पर भी संपर्क कर जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन शहजाद का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद उसके भाई नौशे खाँ ने थाना फतेहगंज पश्चिमी में प्रार्थना पत्र देकर गुमशुदगी दर्ज कर शहजाद की तलाश कराने की मांग की है।




