दो माह से वेतन न मिलने पर कर्मचारियों ने उठाई आवाज, अधिकारियों से लगाई गुहार

बरेली। संवेद इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में कार्यरत कर्मचारियों ने दो माह से वेतन न मिलने और समय पर सैलरी भुगतान न होने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी, मुख्य अभियंता और सहायक उपश्रमायुक्त को प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
कर्मचारियों का कहना है कि कंपनी द्वारा विभाग में कार्य कराया जा रहा है, लेकिन फरवरी और मार्च माह का वेतन अब तक नहीं दिया गया है। साथ ही अप्रैल माह की सैलरी भी समय से नहीं मिली, जिससे कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि कंपनी की ओर से कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन से भी कम भुगतान किया जा रहा है। कर्मचारियों ने मांग की है कि प्रत्येक माह की 7 तारीख तक वेतन दिलाया जाए और बकाया राशि जल्द दिलाई जाए।
कर्मचारियों ने बताया कि परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। समय पर वेतन न मिलने से कर्मचारियों में रोष व्याप्त है।
पीड़ित कर्मचारियों ने प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने तथा जल्द समाधान कराने की मांग की है।




