फिटनेस के नाम पर शर्मनाक खेल: नशीला ड्रिंक पिलाकर शोषण, वीडियो बनाकर लाखों की ब्लैकमेलिंग
संचालक व भाई गिरफ्तार

बरेली, 5 मई। थाना कोतवाली क्षेत्र में फिटनेस सेंटर की आड़ में चल रहे एक घिनौने अपराध का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। जिम संचालक द्वारा महिलाओं को ‘प्री-वर्कआउट ड्रिंक’ में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया जाता था, जिसके बाद उनके साथ शारीरिक शोषण कर अश्लील वीडियो बनाए जाते और फिर उन्हीं वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर मोटी रकम वसूली जाती थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी जिम संचालक अकरम बेग और उसके भाई आलम बेग को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता की शिकायत से खुला मामला
रामपुर गार्डन निवासी एक महिला ने 4 मई को थाना कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह वर्ष 2024 से सिविल लाइंस स्थित एक जिम में वर्कआउट कर रही थी। जिम संचालक अकरम बेग उसे नियमित रूप से प्री-वर्कआउट ड्रिंक देता था, जिसमें कभी-कभी नशीला पदार्थ मिला दिया जाता था। इससे महिला बेहोशी की हालत में पहुंच जाती थी और आरोपी उसे जिम के अंदर बने कमरे में ले जाकर शोषण करता था। इस दौरान आरोपी वीडियो भी बना लेता था।
लाखों की डिमांड, धमकी देकर वसूली
जब महिला को इस साजिश का पता चला और उसने जिम जाना बंद किया, तो आरोपियों ने उसका पीछा कर पति और बच्चों को नुकसान पहुंचाने तथा वीडियो वायरल करने की धमकी दी। पहले 10 लाख रुपये और बाद में वीडियो डिलीट करने के नाम पर 50 लाख रुपये की मांग की गई। भय के चलते पीड़िता से करीब 80 हजार रुपये भी वसूल लिए गए।
पुलिस की सख्त कार्रवाई, अहम बरामदगी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से 2 पेन ड्राइव, 2 मोबाइल फोन (आईफोन व ओप्पो), 9 शक्तिवर्धक शीशियां, 6 इंजेक्शन, गोलियां तथा ब्लैकमेल से वसूले गए 10 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पूछताछ में मुख्य आरोपी ने स्वीकार किया कि वह महिलाओं को जल्दी वजन घटाने का झांसा देकर नशीला ड्रिंक पिलाता था और फिर शोषण कर वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता था। इस पूरे अपराध में उसका भाई भी बराबर का साझेदार था। आरोपियों ने अन्य महिलाओं को भी फंसाने की योजना होने की बात कबूल की है।
गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस पूरे मामले का खुलासा करने में थाना कोतवाली की टीम की अहम भूमिका रही। टीम में प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक अनूप सिंह, महिला उपनिरीक्षक नीतू तोमर, कांस्टेबल विष्णु, मनीष कुमार, नवीन मलिक, सोमदत्त शर्मा एवं अश्वनी कुमार शामिल रहे।
सतर्कता की अपील
पुलिस ने विशेषकर महिलाओं से अपील की है कि किसी भी जिम या फिटनेस सेंटर में सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।



