शिकायत के बाद जेसीबी से हुई नाले की सफाई, अतिक्रमण भी हटाया

*फतेहगंज पश्चिमी।* तहसील मीरगंज समाधान दिवस पर एड. नवीन कुमार द्वारा नाले की सफाई को लेकर की गई शिकायत पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की। शिकायत के अगले ही दिन बुधवार दोपहर मीरगंज तहसील से नायव तहसीलदार सिमरन मैथानिया, लेखपाल आदित्य गंगवार चौकी प्रभारी आदेश कुमार के साथ नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जेसीबी मशीन से नाले की सफाई करवाई।
नगर पंचायत क्षेत्र में लंबे समय से नाले में गंदगी और सिल्ट जमा होने से पानी की निकासी बाधित थी। इससे आसपास के लोगों को जलभराव की समस्या झेलनी पड़ रही थी।

सफाई अभियान के दौरान नगर पंचायत की टीम ने मेघा हॉस्पिटल के पास नाले पर बनी दीवार और लगे लोहे के जाल को भी हटवाया।
अधिशासी अधिकारी पुष्पेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि नाले पर अवैध कब्जा कर रखी गई संरचनाओं को हटाकर पानी की सुचारू निकासी सुनिश्चित की गई है।
यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की और कहा कि समय पर सफाई होने से बरसात में जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।




