60 रुपये के विवाद में महिला को लाठी-डंडों से पीटा, कपड़े फाड़ने का आरोप
शाही के गांव अमौर में दुकानदार समेत चार लोगों पर मारपीट व धमकी देने का मुकदमा दर्ज, घायल महिला ने तहरीर लेखक पर भी लगाए गंभीर आरोप

शाही। शाही थाना क्षेत्र के गांव अमौर में 60 रुपये के लेन-देन के विवाद में दुकानदार व उसके परिजनों ने एक महिला को जमीन पर गिराकर लाठी-डंडों और घूंसों से पीटा। आरोप है कि महिला के कपड़े फाड़ दिए गए। मारपीट में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। आंख पर चोट आई है। घटना मंगलवार सुबह करीब 11 बजे की है।
पीड़ित बिमला देवी पत्नी लाल सिंह निवासी गांव अमौर ने बताया कि उसने गांव के ही दुकानदार विनोद पुत्र सतीश की दुकान से 100 रुपये का सामान उधार लिया था। बिमला के अनुसार, उसने दुकान का पूरा हिसाब कर दुकानदार को 100 रुपये दे दिए थे। आरोप है कि इसके बाद दुकानदार विनोद ने 60 रुपये और बकाया बताकर मांगने शुरू कर दिए। बिमला ने 60 रुपये देने से इनकार कर दिया और कहा कि हिसाब कर दिया है।
इसी बात पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दुकानदार विनोद ने गाली-गलौज करते हुए बिमला को पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर विनोद के पिता सतीश, खुशबु और आकाश भी आ गए। आरोप है कि सभी ने मिलकर बिमला को जमीन पर गिराकर लाठी-डंडों और घूंसों से पीटा। मारपीट के दौरान महिला के कपड़े फाड़ दिए गए। मां को बचाने आए बेटे पंकज को भी आरोपियों ने पीटा। आरोपियों ने बिमला व उसके बेटे को जान से मारने की धमकी भी दी।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर महिला व उसके बेटे को बचाया। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल महिला को देखा।
बिमला देवी थाना पहुंची और तहरीर दी। बिमला का आरोप है कि थाने के गेट के सामने बैठे तहरीर लेखक ने घटना के सही तथ्य नहीं लिखे। लेखक ने कपड़े फाड़ने जैसी घटना नहीं लिखी अपनी मर्जी से तहरीर लिख दी, जबकि पीड़ित घटना की वीडियो साक्ष्य दिखाती रही।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दुकानदार विनोद, सतीश, खुशबु और आकाश के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।



