उनासी चौराहे पर अनियंत्रित कार की टक्कर से तीन गंभीर घायल, कार फरार

फतेहगंज पश्चिमी।नेशनल हाइवे स्थित उनासी चौराहे पर शुक्रवार को तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने रोड पार कर रहे दो पैदल और एक साइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। कार चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार कस्बे के मोहल्ला नौगमा निवासी रामौतार और नन्हे बाल्मीकि होटल से खाना लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव उनासी निवासी राजेंद्र मौर्य साइकिल से कस्बे से अपने घर जा रहे थे। रामपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने रोड पार करते समय तीनों को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार चालक ने बचाव में स्टीयरिंग घुमाया और कार डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई। कार पलटने से बच गई, लेकिन चालक उल्टी साइड से कार लेकर फरार हो गया। हादसे में रामौतार, राजेंद्र मौर्य और नगर पंचायत कर्मी नन्हे गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस तीनों घायलों को बरेली के अस्पताल ले गई। डॉक्टरों के अनुसार रामौतार और राजेंद्र मौर्य की हालत नाजुक बनी हुई है।जबकि नन्हे होश में हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार ने बताया कि घायलों को एंबुलेंस से बरेली अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फरार कार और चालक की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।



