अनियंत्रित ट्रक की टक्कर से मॉपेड सवार बुजुर्ग की मौत
परिवार में मचा कोहराम

फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)। नेशनल हाईवे पर झुमका तिराहे के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक की टक्कर से मॉपेड सवार एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार थाना सीबीगंज क्षेत्र के गांव ठिरिया ठाकुरान निवासी करीब 60 वर्षीय चंद्रपाल ठाकुर अपनी लूना मॉपेड से गैस सिलेंडर लेने बरेली के बल्ला कोठा गए थे। वहां गैस न मिलने पर उन्होंने गैस वाहन चालक को फोन किया, जिस पर चालक ने उन्हें झुमका तिराहे पर बुला लिया। सिलेंडर लेने के बाद जब वह घर लौटने के लिए तिराहा पार कर रहे थे, तभी फरीदपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चंद्रपाल ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया। पत्नी लक्ष्मी देवी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि मृतक खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके चार बच्चे हैं, जिनकी शादियां हो चुकी हैं।
स्थानीय लोगों ने झुमका तिराहे पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से यहां स्पीड कंट्रोल और यातायात व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।



