नामजद आरोपी सतीश गिरफ्तार, न्यायालय में पेशी की तैयारी
पुलिस की कार्रवाई तेज

मीरगंज (बरेली)। थाना मीरगंज क्षेत्र में 8 अप्रैल को हुई एक गंभीर घटना के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी सतीश को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को शनिवार को मीरगंज स्थित नल नगरिया अड्डे से दबोचा गया। पुलिस अब उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 8 अप्रैल को पीड़िता की मां की तहरीर पर थाना मीरगंज में आरोपी सतीश पुत्र फतेह सिंह तथा वीरपाल पुत्र होरीलाल निवासी ग्राम मसीहाबाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि आरोपी ने मंदबुद्धि युवती के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
मामले की विवेचना निरीक्षक अपराध संजय तोमर द्वारा की जा रही है। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार को वांछित आरोपी सतीश को नल नगरिया अड्डे से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने शराब के नशे में युवती की मानसिक स्थिति का फायदा उठाकर गलत कार्य करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी टीम में निरीक्षक अपराध संजय तोमर, उपनिरीक्षक पंकज कुमार, उपनिरीक्षक श्रीनिवास सिंह तथा कांस्टेबल नितिन नागर शामिल रहे।


