अखिल भारतीय गौरक्षा परिषद के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सोनू प्रधान का शुक्रवार को पहली बार बरेली आगमन पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।

फतेहगंज पश्चिमी। कस्बा फतेहगंज पश्चिमी पहुंचने पर दोपहर करीब साढ़े बारह बजे फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया गया।

कस्बे के एक बैंक्वेट हॉल में मासिक बैठक का आयोजन किया गया, जिसका संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद सिंह सोमवंशी ने किया। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सोनू प्रधान ने कहा कि गौरक्षा करना हमारा पहला कर्तव्य है और संगठन को मजबूती के साथ आगे बढ़ाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

सोनू प्रधान ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी गौ रक्षक पर फर्जी तरीके से मुकदमा दर्ज किया जाता है, तो संगठन उसे निरस्त कराने के लिए हर संभव प्रयास करेगा। इस अवसर पर फतेहगंज पश्चिमी, मीरगंज और शाही क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।

बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमंत गंगवार, जिलाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह, ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष ठाकुर लाखन सिंह, प्रदेश सहप्रभारी जितेंद्र श्रीवास्तव, महिला जिलाध्यक्ष राजकुमारी शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी राकेश कश्यप सहित राज चौहान, प्रदीप ठाकुर, अजय प्रजापति, राहुल मौर्या, संदीप ठाकुर, चमन मौर्या, ठाकुर जतिन चौहान आदि कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।






