Welcome to Aarav Media Network   Click to listen highlighted text! Welcome to Aarav Media Network
E-Paperउत्तर प्रदेशक्राइमटेक्नोलॉजीटॉप न्यूज़देशफतेहगंज पश्चिमी बरेली उतर प्रदेशयुवायूपीराजनीतिराज्यलखनऊलोकल न्यूज़

घायल साथी को खेत में छोड़ने वाले दो युवक गिरफ्तार, मौत के मामले का खुलासा

शराबपीने के बाद स्कूटी फिसलने से हुआ हादसा, गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाने के बजाय खेत में छोड़ने का आरोप

फतेहगंज पश्चिमी। मजदूरी के बकाया रुपये लेने गए युवक की मौत के मामले में फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों युवक मजदूरी का पैसा लेने गए थे। लौटते समय शराब पीने के बाद उनकी स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि उसके साथी उसे अस्पताल ले जाने के बजाय खेत में छोड़कर चले गए, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।

ग्राम गिरिया खेतल निवासी समुंदरी लाल ने 29 मई को थाना फतेहगंज पश्चिमी में तहरीर देकर बताया था कि उनका 29 वर्षीय पुत्र राजेश मजदूरी के रुपये लेने के लिए गांव के ही निमेंद्र उर्फ नेता उर्फ नरेंद्र तथा राजीव उर्फ राजवीर मौर्य के साथ ईंट भट्ठे पर गया था, लेकिन वापस घर नहीं लौटा। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि मजदूरी के रुपये लेने के बाद तीनों रहपुरा जागीर की ओर गए थे। इस दौरान उन्होंने रास्ते में अंग्रेजी और देशी शराब खरीदी और उसका सेवन किया। बाद में स्कूटी से जाते समय सामने से आ रहे मिक्सर ट्रक से बचने के प्रयास में स्कूटी सड़क से नीचे उतर गई और फिसलकर गिर गई। हादसे में तीनों घायल हो गए, जबकि राजेश के सिर में गंभीर चोट लग गई।

घटना के बाद दोनों युवक घायल राजेश को पास के एक मेडिकल स्टोर पर ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सक ने उसके सिर में गंभीर चोट होने की बात कही और बेहतर इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की सलाह दी। आरोप है कि इसके बावजूद दोनों उसे अस्पताल नहीं ले गए और ग्राम उनासी निवासी विद्याराम के खेत में छोड़कर चले गए। इतना ही नहीं, उन्होंने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को भी नहीं दी। बाद में गंभीर चोटों के चलते राजेश की मौत हो गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर रबड़ फैक्ट्री के खंडहर के पास से निमेंद्र उर्फ नेता उर्फ नरेंद्र पुत्र मटरूलाल निवासी ग्राम गिरिया खेतल और राजीव उर्फ राजवीर मौर्य पुत्र समुंदरी लाल निवासी ग्राम उनासी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक पंकज कुमार, हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार, हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह, कांस्टेबल नितिन कुमार तथा कांस्टेबल प्रियांशु तोमर शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!