भाजपा कार्यकर्ताओं को जनकल्याणकारी योजनाएं घर-घर पहुंचाने का दिया गया मंत्र

फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे स्थित भाजपा कार्यालय में रविवार को भारतीय जनता पार्टी की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित नेताओं ने कार्यकर्ताओं को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक सुनिश्चित कराने पर जोर दिया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, सांसद छत्रपाल गंगवार एवं विधायक डीसी वर्मा ने कहा कि कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं की जानकारी गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग इनका लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए।
नेताओं ने कार्यकर्ताओं से गणमान्य लोगों के साथ संपर्क स्थापित करने, उनके साथ व्यवहारिक संबंध बनाने तथा सरकार के मिशन और नीतियों के बारे में लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

बैठक में संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर मंडल प्रभारी राहुल साहू, मंडल अध्यक्ष कैलाश शर्मा, शक्ति संयोजक उमेश साहू, पंकज चौधरी, धर्मपाल सिंह, संतोष सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।




