E-Paperफतेहगंज पश्चिमी बरेली उतर प्रदेश

नेशनल हाईवे पर डिवाइडर से टकराई बाइक, दो युवक घायल—एक की हालत नाजुक

बल्लियां ओवर ब्रिज पर हुआ हादसा, हेलमेट ने बचाई चालक की जान

फतेहगंज पश्चिमी।नेशनल हाईवे पर स्थित बल्लियां ओवर ब्रिज पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामपुर जनपद के कोतवाली मिलक क्षेत्र निवासी रामजी सक्सेना अपने मित्र शांता लाल के साथ बाइक से किसी काम के सिलसिले में बरेली जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक धनेटा से आगे बल्लियां ओवर ब्रिज पर पहुंची, अचानक संतुलन बिगड़ने से बाइक डिवाइडर से जा टकराई।

हादसे में बाइक चला रहे रामजी सक्सेना और पीछे बैठे शांता लाल दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। गनीमत रही कि रामजी सक्सेना ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट नहीं आई और उनकी जान बच गई। वहीं पीछे बैठे शांता लाल के सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस से बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने ओवर ब्रिज पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!