Welcome to Aarav Media Network   Click to listen highlighted text! Welcome to Aarav Media Network
E-Paperबरेली उत्तर प्रदेश

खेत की झोपड़ी में सो रहे किसान की गोली मारकर हत्या, दावत से लौटने के बाद अज्ञात हमलावरों ने उतारा मौत के घाट

फरीदपुर क्षेत्र के रायपुर हंस गांव में सनसनीखेज वारदात, पुलिस ने तीन टीमें गठित कर शुरू की ताबड़तोड़ जांच

बरेली । जनपद के फरीदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रायपुर हंस में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां खेत की झोपड़ी में सो रहे किसान की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है और ग्रामीणों में भय व आक्रोश साफ देखा जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 40 वर्षीय किसान इंद्रपाल पुत्र अजयवीर सिंह शुक्रवार रात गांव में आयोजित एक दावत में शामिल होने गया था। देर रात दावत से लौटने के बाद वह रोज की तरह अपने खेत पर बनी झोपड़ी में सोने चला गया। शनिवार सुबह जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटा तो परिजन चिंतित हो उठे और उसकी तलाश में खेत पहुंचे।

झोपड़ी के भीतर का दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए। इंद्रपाल का शव खून से लथपथ पड़ा था, जिससे साफ जाहिर हो रहा था कि उसकी गोली मारकर हत्या की गई है। परिजनों के शोर मचाने पर मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और देखते ही देखते क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

ग्रामीणों के अनुसार, मृतक इंद्रपाल अविवाहित था और चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। वह मेहनतकश किसान था और अधिकतर समय खेत पर ही बिताता था।

सूचना मिलते ही एसपी साउथ अंशिका वर्मा व सीओ फरीदपुर संदीप सिंह पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने भी मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं।

एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के खुलासे के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो विभिन्न पहलुओं—खासकर आपसी रंजिश—को ध्यान में रखकर जांच कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!