रहपुरा अंडरपास स्थित हनुमान मंदिर में विशाल भंडारा, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

फतेहगंज पश्चिमी। रहपुरा अंडरपास स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर परिसर में शनिवार को श्रद्धा एवं भक्ति के माहौल के बीच विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे का आयोजन वरिष्ठ पत्रकार सुंदर राजपूत के सौजन्य से कराया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ हनुमान जी की पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं को हलवा, पूड़ी और स्वादिष्ट सब्जी का प्रसाद वितरित किया गया। भंडारे में सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया और देर तक प्रसाद वितरण का क्रम चलता रहा। मंदिर परिसर में पूरे समय भक्तिमय वातावरण बना रहा तथा जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारों से माहौल गूंजता रहा।

इस अवसर पर रहपुरा जागीर के पूर्व प्रधान गंगासहाय राजपूत, पिपरिया के पूर्व प्रधान सत्यदेव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे सामाजिक समरसता और धार्मिक आस्था को मजबूत करने वाला आयोजन बताया।

आयोजक सुंदर राजपूत ने बताया कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम समाज में प्रेम, भाईचारा और सेवा की भावना को बढ़ावा देते हैं। भंडारे के सफल आयोजन में स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग किया।


