कंबाइन चलाने के विवाद में युवक से मारपीट, गला दबाने और सरिया से हमला करने का आरोप
फतेहगंज पश्चिमी। थाना क्षेत्र के गांव सोरहा मे रास्ता मे रोक कर दबँगो ने एक व्यक्ति के साथ की मारपीट मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार ग्राम पंथरा, थाना शाही निवासी हरनाम सिंह पुत्र रेवीलाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार शाम वह भोजीपुरा स्थित अस्पताल से मरीज को देखकर अपने घर लौट रहे थे। आरोप है कि सोराहा मोड़ पर कैथोला निवासी ओमप्रकाश तथा पप्पू उर्फ गंगाराम पहले से खड़े मिले। दोनों ने उन्हें रोककर कंबाइन चलाने न आने पर नाराजगी जताई और कहा कि इससे उनका आर्थिक नुकसान हो रहा है। विरोध करने पर दोनों ने कथित रूप से हरनाम सिंह का गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया तथा कंबाइन में रखी लोहे की सरिया से सिर पर हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी।
हमले में हरनाम सिंह के सिर, सीने, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया और पीड़ित को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


