फर्जी आधार कार्ड बनवाकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

फतेहगंज पश्चिमी। थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने साइबर ठगी से जुड़े एक मामले में कार्रवाई करते हुए फर्जी आधार कार्ड के माध्यम से बैंक खाते खुलवाकर ठगी की रकम का लेन-देन करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 255/2026 में धारा 318(4), 61(2), 336(3), 338 एवं 340(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार रविवार को मुखबिर की सूचना पर शंका पुल कट से धंतिया जाने वाले मार्ग से मोहम्मद जफर पुत्र मोहम्मद अहमद, निवासी शेरनगर, थाना बहेड़ी, जनपद बरेली को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का आरोप है कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी आधार कार्ड बनवाकर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाता था और उन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि के लेन-देन में करता था। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अशोक कुमार कर रहे हैं।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह धंतिया निवासी ताहिर और रफीक की मदद से फर्जी आधार कार्ड बनवाकर बैंक खाते खुलवाता था। इसके बाद साइबर ठगी से प्राप्त रकम उन खातों में मंगाई जाती थी, जिसे आपस में बांटकर खर्च कर लिया जाता था। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, दो पासबुक, तीन आधार कार्ड तथा नौ एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी, मारपीट और गैंगस्टर एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं।



