250 कांवड़ियों का दूसरा जत्था उज्जैन महाकाल के लिए रवाना

फतेहगंज पश्चिमी। सावन माह में बाबा महाकाल के जलाभिषेक के लिए बुधवार को कस्बे से 250 कांवड़ियों का दूसरा जत्था महंत हरदेव गंगवार और बनवारी लाल के नेतृत्व में उज्जैन के लिए रवाना हुआ। बरेली रेलवे स्टेशन पर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने कांवड़ियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें विदाई दी। समाजसेवी रमन जायसवाल ने सभी कांवड़ियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया, जबकि भाजपा विधायक प्रतिनिधि संजय चौहान ने भी स्टेशन पहुंचकर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। जत्थे के रवाना होते समय स्टेशन परिसर हर-हर महादेव और जय श्री महाकाल के जयकारों से गूंज उठा। महंत हरदेव गंगवार ने बताया कि बृहस्पतिवार को जत्था ओंकारेश्वर पहुंचेगा।

शुक्रवार को नर्मदा नदी से जल भरने के बाद कांवरिये करीब 145 किलोमीटर की पांच दिवसीय पदयात्रा कर उज्जैन पहुंचेंगे और बाबा महाकाल का जलाभिषेक करेंगे। इस दौरान खेमपाल गंगवार, मुदित प्रताप सिंह, सौरभ शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। यात्रा को लेकर क्षेत्र में श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।

