24 घंटे से अधिक ड्यूटी के बाद शराब फैक्ट्री में हादसा, बॉयलर के पट्टे में फंसकर कर्मचारी की मौत
शव लेकर फैक्ट्री पहुंचे परिजन, गेट पर धरना देकर किया हंगामा, पुलिस ने संभाला मोर्चा
बरेली। सीबीगंज क्षेत्र स्थित सुपीरियर इंडस्ट्रीज (शराब फैक्ट्री) में बुधवार को हुए दर्दनाक औद्योगिक हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान सतपाल (50 वर्ष) पुत्र रामलाल, निवासी ग्राम धीरपुर, थाना बिशारतगंज, तहसील आंवला, जनपद बरेली के रूप में हुई है। हादसे के बाद फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। घायल कर्मचारी को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सतपाल फैक्ट्री में कार्य के दौरान अचानक बॉयलर के पट्टे (बेल्ट) में फंस गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। साथी कर्मचारियों और फैक्ट्री प्रबंधन ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
बताया जाता है कि अस्पताल से शव लेकर फैक्ट्री प्रशासन जब सतपाल के घर की ओर जा रहा था, तभी घटना की सूचना परिजनों को मिल गई। परिजनों ने रास्ते में वाहन रोक लिया और शव को अपने साथ लेकर वापस फैक्ट्री पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने फैक्ट्री गेट पर शव रखकर प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप था कि फैक्ट्री की लापरवाही और अत्यधिक कार्य कराने के कारण यह हादसा हुआ है।
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। काफी देर तक चली समझाइश और मशक्कत के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों को उचित कार्रवाई तथा शासन-प्रशासन के स्तर पर वार्ता का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य होने लगी।
साथी कर्मचारियों का कहना है कि सतपाल लगातार 24 घंटे से अधिक समय से ड्यूटी पर थे। उनका आरोप है कि लगातार काम करने से थकान बढ़ गई थी, जिसके चलते हादसा हुआ। कर्मचारियों ने फैक्ट्री में श्रमिकों से लंबे समय तक काम कराए जाने और सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच कराने की मांग की है।
मृतक सतपाल अपने पीछे चार बेटे और दो बेटियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



