बोलेरो पिकअप की टक्कर से घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत, परिवार में मचा कोहराम

फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे में मंगलवार को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह रामपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप संख्या यूपी-21 बीएन-5237 ने मोहल्ला अंसारी वार्ड नंबर 9 निवासी रफीक (40 वर्ष) पुत्र मोहम्मद शफी को टक्कर मार दी। हादसे के समय रफीक पैदल जा रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से घायल रफीक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बरेली भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कर दिया।

जिला अस्पताल में उपचार के दौरान रफीक की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया जाता है कि रफीक आटा-चावल का कारोबार कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह नौ भाई-बहनों में सबसे बड़े थे। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


