रहपुरा अंडरपास स्थित हनुमान मंदिर से घंटा चोरी, दानपात्र का ताला तोड़कर नकदी भी ले गए चोर

फतेहगंज पश्चिमी। थाना क्षेत्र के रहपुरा अंडरपास के समीप स्थित हनुमान मंदिर में मंगलवार देर रात चोरी की घटना से क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। अज्ञात चोर मंदिर में लगा करीब पांच किलो वजनी पीतल का घंटा चोरी कर ले गए, वहीं दानपात्र का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी भी पार कर दी।

जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह जब मंदिर के पुजारी मंदिर पहुंचे तो दानपात्र का ताला टूटा मिला और मंदिर का घंटा भी गायब था। घटना की सूचना मिलते ही सभासद धर्मेंद्र सिंह उर्फ मोनू ठाकुर ने पुलिस को अवगत कराया। सूचना पर डायल-112 और थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया।

सभासद धर्मेंद्र सिंह उर्फ मोनू ठाकुर ने बताया कि मंदिर में लगा करीब पांच किलो वजनी पीतल का घंटा दो-तीन माह पहले ही स्थापित कराया गया था। मंगलवार रात किसी अज्ञात शरारती अथवा नशेड़ी व्यक्ति ने मंदिर का घंटा चोरी कर लिया और दानपात्र का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी भी चुरा ली।

थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि मंदिर से घंटा चोरी होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अज्ञात व्यक्ति द्वारा घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका है। फिलहाल कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब दो वर्ष पूर्व भी मंदिर में स्थापित हनुमान जी की प्रतिमा को किसी शरारती तत्व ने क्षतिग्रस्त कर दिया था। अब दोबारा मंदिर को निशाना बनाए जाने से श्रद्धालुओं में नाराजगी है। कस्बा वासियों ने पुलिस से जल्द घटना का खुलासा कर दोषियों की गिरफ्तारी तथा मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है।




