सीसी रोड निर्माण को लेकर बवाल, प्रधान और पति पर फावड़े से हमला करने का आरोप

फतेहगंज पश्चिमी। थाना क्षेत्र के गांव धनेटा में सीसी रोड निर्माण कार्य के दौरान विवाद खड़ा हो गया। निर्माण कार्य रुकवाने पहुंचे एक युवक पर ग्राम प्रधान और उनके पति के साथ अभद्रता करने तथा फावड़े से हमला करने का प्रयास करने का आरोप लगा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर कार्रवाई की।
ग्राम प्रधान आरती देवी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10 बजे गांव में प्रस्तावित सीसी रोड का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान गांव निवासी रोहताश मौर्य मौके पर पहुंच गया और 3:1 मानक का हवाला देते हुए निर्माण कार्य पर आपत्ति जताने लगा। आरोप है कि उसने काम रुकवाने का प्रयास किया और निर्माण कार्य में बाधा डालनी शुरू कर दी।
प्रधान पक्ष का कहना है कि रोहताश को समझाया गया कि सड़क का निर्माण 4:1 के सरकारी मानक के अनुसार कराया जा रहा है और कार्य में व्यवधान न डाले। इसके बावजूद वह नहीं माना और कथित रूप से आक्रोशित होकर निर्माणाधीन सड़क में घुस गया, जिससे काम प्रभावित होने लगा।
आरोप है कि विरोध करने पर रोहताश मौर्य ने ग्राम प्रधान आरती देवी और उनके पति जगतपाल मौर्य पर फावड़े से हमला करने का प्रयास किया। हालांकि मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाल लिया और किसी बड़ी घटना को टाल दिया। ग्रामीणों ने प्रधान पति को सुरक्षित बचा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही यूपी-112 पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल की। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने रोहताश मौर्य को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि युवक का शांति भंग की धारा में चालान किया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और यदि जांच में अन्य आरोपों की पुष्टि होती है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



