सीएचसी में संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ, स्वास्थ्य कर्मियों को दिलाई गई स्वच्छता व जागरूकता की शपथ

फतेहगंज पश्चिमी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहगंज पश्चिमी में बुधवार को एक जुलाई से शुरू हुए संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संचित शर्मा ने स्वास्थ्य कर्मियों, आशा कार्यकर्ताओं एवं कर्मचारियों को शपथ दिलाकर किया। अभियान एक जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक संचालित किया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. संचित शर्मा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, जापानी इंसेफेलाइटिस, स्क्रब टाइफस सहित अन्य संचारी रोगों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षित पेयजल का उपयोग करने, जलभराव रोकने और व्यक्तिगत साफ-सफाई अपनाने से इन बीमारियों से प्रभावी बचाव किया जा सकता है।

उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों से अपील की कि वे गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करें, ताकि अभियान का अधिकतम लाभ आमजन तक पहुंच सके। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को संचारी रोगों की रोकथाम के उपायों की जानकारी भी दी गई तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।
बताया गया कि अभियान के तहत पूरे माह जागरूकता रैलियां, स्वच्छता अभियान और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह अभियान उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न विभागों के समन्वय से संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य संक्रामक रोगों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
इस अवसर पर चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपावली, एफपीसी प्रशांत (पीएसआई इंडिया), एचईओ राजीव शर्मा, बीएचडब्ल्यू आकाश सक्सेना, एलटी हरीश, बीपीएम, एसटीएलएस, एसटीएस, फार्मासिस्ट, आशा कार्यकर्ता एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे।



