‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत बीएसएफ कैंपस में हुआ वृक्षारोपण

फतेहगंज पश्चिमी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर केंद्र सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान “एक पेड़ माँ के नाम” के अंतर्गत बीएसएफ कैंपस में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वन विभाग एवं बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान वन क्षेत्राधिकारी एवं बीएसएफ के कमांडिंग ऑफिसर दिनेश कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने पौधरोपण कर लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने कहा कि बढ़ता प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन आज पूरी दुनिया के सामने गंभीर चुनौती बनकर उभर रहे हैं। ऐसी परिस्थितियों में वृक्षारोपण पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो यह अभियान एक व्यापक जनआंदोलन का रूप ले सकता है और पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा दे सकता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अधिकाधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी सुरक्षा एवं देखभाल करने का संकल्प लिया। साथ ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए जनसहभागिता बढ़ाने का संदेश भी दिया गया।



