पेड़ लगाओ-पर्यावरण बचाओ’ के नारों से गूंजा नगर, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

फतेहगंज पश्चिमी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पंचायत फतेहगंज पश्चिमी द्वारा शुक्रवार को पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से नगरवासियों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा पर्यावरण को स्वच्छ, सुरक्षित एवं संतुलित बनाए रखने का संदेश दिया गया।
रैली का शुभारंभ मुख्य अतिथि सचिन चौहान एवं वार्ड सदस्य भिटौरा अबोध कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी पुष्पेन्द्र सिंह राठौर, नगर पंचायत अध्यक्ष इमराना बेगम, चेयरमैन प्रतिनिधि शाहिद हुसैन सहित नगर पंचायत के अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
रैली में शामिल प्रतिभागियों ने “पेड़ लगाओ-पर्यावरण बचाओ”, “हरियाली है जीवन का आधार” जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के दोहन से उत्पन्न चुनौतियों का सामना केवल व्यापक वृक्षारोपण और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाकर ही किया जा सकता है।

कार्यक्रम में लिपिक बेला देवी, दिनेश सिंह, आशीष कुमार गंगवार, विशाल भारती, रिंकू राज, सुपरवाइजर जय बाबू, मनीष कुमार, उपदेश कुमार सहित नगर पंचायत के समस्त कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण तथा अधिकाधिक वृक्षारोपण करने का संकल्प लिया और नगरवासियों से भी इस जनहितकारी अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। रैली ने लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और हरित भविष्य के निर्माण का संदेश दिया।




