फतेहगंज पश्चिमी थाने की जमीन का प्रस्ताव नलकूप विभाग ने खारिज किया, भाजपा नेता करेंगे पैरवी
फतेहगंज पश्चिमी। थाना भवन के निर्माण को लेकर चिन्हित की गई सिंचाई विभाग की जमीन के स्थानांतरण में अड़चन आ गई है। नलकूप विभाग के अधिशासी अभियंता ने डीएम और एसएसपी की संस्तुति वाले प्रस्ताव को खारिज कर दिया है।
नगर से एक किमी दूर रबड़ फैक्ट्री परिसर में बने जर्जर थाना भवन को कस्बे के अंदर शिफ्ट करने के लिए रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टेशन के पास सिंचाई विभाग की 5489.45 वर्ग मीटर जमीन चिन्हित की गई थी। नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष और भाजपा नेता आशीष अग्रवाल ने 2 साल पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रस्ताव सौंपा था। मुख्यमंत्री के निर्देश पर एसपी नॉर्थ मुकेश मिश्रा ने निरीक्षण कर डीएम-एसएसपी की संस्तुति कराकर 5 अप्रैल 2025 को प्रमुख सचिव सिंचाई को पत्रावली भेजी थी।
लेकिन नलकूप खंड द्वितीय के एक्सईएन ने बताया कि 1.018 हेक्टेयर में से 0.40 हेक्टेयर भूमि जून 2021 में रोडवेज बस स्टैंड के लिए परिवहन विभाग को दी जा चुकी है। शेष भूमि नलकूप विभाग के भंडार या निरीक्षण भवन के लिए प्रस्तावित है। इसी कारण थाना भवन के लिए जमीन देने में असमर्थता जताते हुए प्रस्ताव खारिज कर दिया।
भाजपा नेता आशीष अग्रवाल ने कहा कि बरेली में नलकूप विभाग के पास पर्याप्त जमीन है।जबकि पुलिस कर्मियों के आवास व कार्यालय के लिए यहां जमीन जरूरी है। उन्होंने जल्द लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से मिलकर फिर पैरवी करने का दावा किया है।



