63 ग्राम अवैध स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार, हाईवे किनारे ड्राइवरों को बेचने की फिराक में था आरोपी

फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने एक युवक को 63 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 76 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को मुखबिर की सूचना पर थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस टीम ने रहेपुरा अंडरपास हाईवे के पास रबड़ फैक्ट्री के मैदान में घेराबंदी कर हसीन पुत्र मजीदुल्ला, निवासी सराय नई बस्ती, वार्ड नंबर-8, कस्बा फतेहगंज पश्चिमी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 63 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। आरोपी के विरुद्ध थाना फतेहगंज पश्चिमी में एनडीपीएस एक्ट की धारा मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पहले भी स्मैक बेचने का काम कर चुका है। वर्तमान में वह दुकानों पर सामान की सप्लाई करता है, लेकिन कर्ज में डूबने के कारण अधिक पैसे कमाने के लालच में स्मैक बेचने लगा। उसने स्वीकार किया कि वह हाईवे से गुजरने वाले ड्राइवरों को स्मैक बेचने के इरादे से वहां खड़ा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। आरोपी से मिली अन्य गोपनीय जानकारियों के आधार पर पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी फतेहगंज पश्चिमी थाने में दो मुकदमे दर्ज हैं। यह उसकी तीसरी आपराधिक प्रविष्टि है।




