जमीन विवाद में निर्माण को लेकर फिर गरमाया मामला,तीन लोगों का शांतिभंग में चालान।

फतेहगंज पश्चिमी। गांव टिटौली में अवैध कब्जे को लेकर चल रहे जमीनी विवाद में सोमवार को एक बार फिर तनाव फैल गया। किसान कांताप्रसाद गंगवार और जिलापंचायत सदस्य ममता गंगवार के आत्मदाह के प्रयास के बाद अब निर्माण को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पुलिस ने मौके से दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लेकर 3 लोगों का शांतिभंग में चालान कर दिया।

जानकारी के अनुसार शनिवार को गाटा संख्या 232 की जमीन को लेकर कांताप्रसाद और दूसरे समुदाय के अख्तर हुसैन के बीच विवाद हुआ था। तहसीलदार आशीष कुमार की अगुवाई में राजस्व टीम ने पैमाईश कर कांताप्रसाद के खेत का सीमांकन तो कर दिया था, लेकिन कब्जा नहीं दिलाया था। इसी दौरान कांताप्रसाद और समर्थन में पहुंची जिलापंचायत सदस्य ममता गंगवार ने पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया था।
सोमवार को कांताप्रसाद लेवर के साथ सीमांकित क्षेत्र में निर्माण कराने पहुंचे। इसकी सूचना पर दूसरे पक्ष की महिलाएं मौके पर पहुंचकर निर्माण रुकवाने लगीं। दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद हाथापाई की नौबत बन गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने निर्माण कर रहे कांताप्रसाद और लेवर राजीव कुमार, उमेश कुमार को हिरासत में लेकर थाना ले आई इसी दौरान पीस कमेटी की बैठक लेने पहुंची एसडीएम निधि शुक्ला ने दोनों पक्षों को कोर्ट के आदेश तक निर्माण न करने की हिदायत दी। दोनों पक्ष इस पर सहमत हो गए।
शाम को पुलिस ने हिरासत में लिए गए तीनों लोगों का शांतिभंग में चालान कर दिया।




