विधायक डॉ. डी.सी. वर्मा का भतीजा अंकित रहस्यमय परिस्थितियों में लापता, मचा हड़कंप

बरेली विधानसभा से लगातार दूसरी बार विधायक बने डॉ. डी.सी. वर्मा के भतीजे अंकित वर्मा के अचानक लापता हो जाने से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है। अंकित वर्मा पुत्र राम प्रकाश वर्मा, उम्र लगभग 24 वर्ष, भोजीपुरा स्थित राममूर्ति कॉलेज से एम फार्मा की पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि इस वर्ष उसका अंतिम वर्ष चल रहा था और वह पढ़ाई में काफी गंभीर छात्र माना जाता था।

परिजनों के अनुसार अंकित 7 मई 2026 को शाम करीब 7 बजे के बाद से लापता है। वह अपने कमरे से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी इंतजार के बाद जब परिवार और साथियों ने उसकी तलाश शुरू की तो उसका कोई सुराग नहीं चल सका। सूत्रों के अनुसार सबसे हैरान करने वाली बात यह सामने आई कि अंकित अपना मोबाइल फोन कमरे पर ही छोड़कर गया था, जिसके कारण उससे संपर्क भी नहीं हो पा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया।
रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों के यहां उसकी तलाश की गई, लेकिन देर रात तक कोई सुराग नहीं मिल पाया। अंकित के अचानक गायब होने की खबर फैलते ही क्षेत्र में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। विधायक परिवार से जुड़े होने के कारण लोग मामले को लेकर चिंता जता रहे हैं। परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए हैं और सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों से मदद की अपील की जा रही है।
परिवार का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति को अंकित वर्मा के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत सूचना दें, ताकि उसे सकुशल वापस लाया जा सके।


