थाने में तैनात पीआरडी जवान को पिस्टल दिखाकर धमकाने का आरोप, जांच की मांग

फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)। थाना फतेहगंज पश्चिमी में तैनात एक पीआरडी जवान ने अपने ही थाने के हेड मोहर्रिर पर पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर जवान ने थाना अध्यक्ष को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीआरडी जवान उमा शंकर गुप्ता ने बताया कि वह 9 अप्रैल से थाने में ड्यूटी कर रहे हैं। 17 अप्रैल की रात उनकी रिजर्व ड्यूटी लगी थी। इसी दौरान करीब 9:15 बजे एक व्यक्ति के साथ उन्हें मेडिकल के लिए भेजा गया। मेडिकल से लौटने के बाद जब वह रात करीब 12:35 बजे थाने में स्थिति देखने पहुंचे, तभी वहां मौजूद हेड मोहर्रिर रवि कुमार कथित तौर पर पिस्टल और दो नाली बंदूक के साथ आए।
आरोप है कि रवि कुमार ने वहां फायर किया और बाद में बंदूक तानकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के अनुसार आरोपी ने कहा कि “एक गोली तुम्हें भी मारूंगा।” जान बचाने के लिए वह थाने परिसर में भागे, जहां स्टाफ के सामने भी आरोपी ने पिस्टल तानकर धमकाया और मारने का प्रयास किया। इस दौरान थाने के अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया।
पीड़ित जवान का कहना है कि इस तरह के माहौल में ड्यूटी करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि घटना से संबंधित कुछ फुटेज भी मौजूद हैं, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर प्रस्तुत किया जा सकता है।
पीआरडी जवान ने मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह उच्च अधिकारियों की शरण लेंगे। पुलिस प्रशासन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है।



