सावन पर्व को लेकर आयोजित पीस कमेटी बैठक में एसडीएम, सीओ ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों,कर्मचारियों के साथ समन्वय बनाकर दिए दिशा निर्देश।

फतेहगंज पश्चिमी। आगामी सावन पर्व और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार को थाना परिसर में पीस कमेटी की आयोजित बैठक में एसडीएम, सीओ हाइवे ने अधिकारियों,कर्मचारियों के साथ समन्वय बनाकर दिए जरूरी निर्देश।

बैठक में एनएचआई, पीडब्ल्यूडी, विद्युत, नगर पंचायत, चिकित्सा और अन्य विभागों को समय से व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए। एसडीएम निधि शुक्ला, सीओ हाइवे देवेश सिंह ने कहा कि यात्रा मार्ग पर सफाई, प्रकाश, पेयजल और शौचालय की समुचित व्यवस्था हो। राधा-कृष्ण मंदिर के पास झुके विद्युत पोल ठीक कराए जाएं। कांवड़िया मंदिर और भिटौरा मंदिर के पास हाईटेंशन लाइन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। बायो टॉयलेट भी लगाए जाएं।

पीडब्ल्यूडी को टूटे मार्ग पर पैचवर्क और फतेहगंज-भोलापुर रोड के गड्ढे भरने को कहा गया। सेवा शिविर हाईटेंशन लाइन और सड़क से सुरक्षित दूरी पर लगें। डीजे की अधिकतम चौड़ाई 10 फीट और ऊंचाई 12 फीट तय की गई। यात्रा मार्ग पर आवारा पशु और झाड़ियां हटाने के भी निर्देश दिए गए।




