स्वच्छता के लिए नगर पंचायत की पहल, वार्डों में चला विशेष सफाई अभियान

फतेहगंज पश्चिमी। नगर पंचायत फतेहगंज पश्चिमी द्वारा मंगलवार को कस्बे में व्यापक स्तर पर स्वच्छता महाअभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत सभी वार्डों में विशेष सफाई कार्य कर नगरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही लोगों को अपने घरों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की शपथ भी दिलाई गई।

अभियान के दौरान सफाई कर्मियों ने वार्डों में नालियों, सड़कों तथा सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई कर स्वच्छ वातावरण का संदेश दिया। नगर पंचायत की ओर से नागरिकों से अपील की गई कि वे कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें तथा नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सहयोग करें।
यह अभियान नगर पंचायत अध्यक्ष इमराना बेगम एवं अधिशासी अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर के निर्देशन में संचालित किया गया। दोनों अधिकारियों ने विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिशासी अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लोगों के सहयोग से ही स्वच्छ और स्वस्थ नगर का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष इमराना बेगम ने नगरवासियों से स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि साफ-सुथरा वातावरण ही स्वस्थ समाज की पहचान है।
अभियान में लिपिक बेला देवी, विशाल भारती, आशीष कुमार गंगवार, रिंकू राज, सौरभ सिंह, जुनैद, सफाई नायक जय बाबू, मनीष, उपदेश सहित नगर पंचायत के कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। अभियान के माध्यम से लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।



