खेत देखने निकला धर्मपाल -मौत के मुंह में समाया, सिर कुचलकर हत्या; गांव में दहशत
चरी के खेत में मिला था चौकीदार के भतीजे का शव, हत्या से गांव में सनसनी

फतेहगंज पश्चिमी। टिटौली गांव में मिले युवक धर्मपाल की मौत अब रहस्यमयी नहीं रही। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने साफ कर दिया है कि उसकी हत्या सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर की गई थी। रिपोर्ट सामने आते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, जबकि परिजनों की हत्या की आशंका सही साबित होती नजर आ रही है।

करीब दो बजे शंखा नदी के किनारे एक चरी के खेत में धर्मपाल का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर पर्याप्त साक्ष्य न मिलने के कारण मामला शुरुआत में संदिग्ध माना जा रहा था, लेकिन परिजन लगातार हत्या की आशंका जता रहे थे।
बुधवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले का रुख बदल दिया। रिपोर्ट के अनुसार धर्मपाल के सिर पर गंभीर प्रहार किया गया था, जिससे उसकी मौत हुई। चिकित्सकों ने अन्य कारणों की जांच के लिए विसरा भी सुरक्षित रखा है।

घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी, 15 वर्षीय पुत्र और 12 वर्षीय पुत्री हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का अध्ययन कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था, हालांकि हत्या की पुष्टि के बाद पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करने में जुटी है।
परिवार के सिर से उठा सहारा
धर्मपाल की मौत ने उसके परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। मेहनत-मजदूरी कर घर चलाने वाला धर्मपाल अब इस दुनिया में नहीं है, जबकि उसकी पत्नी और दो मासूम बच्चों का भविष्य अनिश्चितता के साये में आ गया है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि धर्मपाल का हत्यारा कौन है और उसे मौत के घाट क्यों उतारा गया? पुलिस इन्हीं सवालों के जवाब तलाशने में जुटी है।



