ऑटो चालक दुकानदार के 7500 रुपए लेकर गायब, पुलिस से कार्रवाई की मांग
फतेहगंज पश्चिमी। कस्बा के एक दुकानदार से ऑटो चालक सामान पहुंचाने के नाम पर 7500 रुपए ठगकर फरार हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस जांच कर रही है।
कस्बा के मोहल्ला अंसारी वार्ड 14 निवासी मोहम्मद रफी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मुख्य मार्ग पर पुलिस चौकी के नजदीक उनकी जनरल स्टोर की दुकान है। व्यापारी होने के नाते बरेली से ऑटो द्वारा सामान आता रहता है।
सोमवार को ऑटो चालक के द्वारा बरेली से सामान लेकर आया था। ऑटो चालक ने दुकान पर सामान उतारकर कहा कि आपका माल आ गया, आप मेरे नंबर पर पेमेंट डाल दो। ऑटो चालक की बात पर भरोसा कर मोहम्मद रफी ने सोमवार शाम को ऑटो चालक सुम्मेरी लाल निवासी तुरसा पट्टी, थाना शाही, बरेली के खाते फोन पे पर 7500 रुपए डाल दिए।
बाद में पता चला कि पेमेंट ऑटो चालक को नहीं देनी थी। पीड़ित ने जब ऑटो चालक को फोन किया आरोप है कि उसने उल्टा गंदी-गंदी गालियां दीं और पैसे वापस देने से साफ मना कर दिया।
पीड़ित ने पुलिस से आरोपी के खाते पर तत्काल रोक लगाकर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार ने बताया मामले की जांच की जा रही है।


