गंगा दशहरा पर समाजसेवियों ने लगाया शरबत सेवा शिविर, राहगीरों को मिली भीषण गर्मी से राहत

फतेहगंज पश्चिमी। गंगा दशहरा के पावन पर्व पर भीषण गर्मी और तेज धूप से परेशान राहगीरों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से कस्बे के प्रमुख समाजसेवियों द्वारा शरबत सेवा शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान राह चलते लोगों, वाहन चालकों एवं बाजार आने-जाने वाले नागरिकों को ठंडा शरबत वितरित किया गया। भीषण गर्मी के बीच लोगों ने शरबत पीकर राहत महसूस की और समाजसेवियों के इस सेवा कार्य की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान समाजसेवियों ने कहा कि धार्मिक पर्वों पर जरूरतमंदों और राहगीरों की सेवा करना भारतीय संस्कृति की पहचान है। गर्मी के मौसम में लोगों को ठंडा पेय उपलब्ध कराना एक पुण्य कार्य है। शिविर में सुबह से ही लोगों की भीड़ लगी रही और सैकड़ों लोगों ने शरबत ग्रहण किया।

शरबत वितरण के दौरान सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश भी दिया गया। आयोजन में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे उत्साह के साथ राहगीरों को शरबत वितरित किया। स्थानीय लोगों ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक कार्यों से समाज में सेवा भावना मजबूत होती है।
इस अवसर पर दिनेश कुमार भारद्वाज, बंटी भारद्वाज, पारस भारद्वाज, शिवम राठौर एवं चुनमुन राठौर सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे और व्यवस्था संभालने में सहयोग किया।




