शराब के लालच में युवक की गला दबाकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

फतेहगंज पश्चिमी। थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने युवक की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने शराब और पैसों के लालच में युवक की गला दबाकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मृतक का पर्स, ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य जरूरी कागजात और नकदी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव मुड़िया चेतराम निवासी आकाश मिश्रा ने थाना फतेहगंज पश्चिमी में तहरीर देकर बताया था कि उनके पिता आदेश मिश्रा 14 मई को अपने साथ काम करने वाले व्यक्ति की बहन की शादी में शामिल होने के लिए फतेहगंज पश्चिमी स्थित चिराग पैलेस गए थे। शादी समारोह से लौटने के बाद वह घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। अगले दिन 15 मई को आदेश मिश्रा का शव मढ़ौली के पास नहर किनारे जंगल में पड़ा मिला। शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले में पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस को दो संदिग्धों सोनू कश्यप और शहंशाह के बारे में जानकारी मिली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर रबड़ फैक्ट्री कॉलोनी के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दोनों शराब पीने के आदी हैं। घटना वाले दिन सुबह दोनों की मुलाकात आदेश मिश्रा से हुई थी, जो पहले से नशे में था और उसके सिर पर चोट भी लगी हुई थी। तीनों लोग साथ में गांव बदलिया फरीदपुर पहुंचे, जहां आदेश मिश्रा की पट्टी कराई गई। इसके बाद आदेश मिश्रा ने शराब पीने की इच्छा जताई। तीनों लोग मढ़ौली की तरफ पहुंचे और नहर किनारे बैठकर शराब पीने लगे। आरोपियों ने लालच में आकर आदेश मिश्रा को ज्यादा शराब पिला दी। जब वह पूरी तरह नशे में हो गया तो दोनों ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी और उसके पर्स में रखे रुपये लेकर फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक लूटे गए रुपयों में से सोनू के हिस्से में 1700 रुपये और शहंशाह के हिस्से में 1800 रुपये आए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से मृतक का पर्स, ड्राइविंग लाइसेंस, जरूरी दस्तावेज और कुल 2670 रुपये बरामद किए हैं।
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है। हत्या के इस खुलासे के बाद पुलिस टीम की क्षेत्र में सराहना हो रही है।



