घरेलू कलह से आहत मस्जिद के मुअज्जिन ने लगाई थी आग, इलाज के दौरान मौत

फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे के मोहल्ला सराय में मंगलवार को आत्मदाह का प्रयास करने वाले हुसैनी मस्जिद के मुअज्जिन अब्दुल कादिर की इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उनके शब को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे पारिवारिक कलह के बाद हाफिज अब्दुल कादिर ने घर पर पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग लगा ली। घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में वह आग की लपटों के बीच घर से निकलकर गली में दौड़ते दिखाई दे रहे हैं।
आसपास के लोगों ने तुरंत आग बुझाई और गंभीर रूप से झुलसे अब्दुल कादिर को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उनका उपचार चल रहा था। इलाज के दौरान बुधवार को उनकी मौत हो गई।मृतक अब्दुल कादिर ने मंगलवार रात में अपनी मौत का जिम्मेदार पत्नी को ठहराते हुए खुद वीडियो बनाकर वायरल कर दिया था।वीडियो में उन्होंने पत्नी और उसके भाइयों के द्वारा बेवजह प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। वह अपने पीछे दो बच्चे बेटा,बेटी छोड़ गए है।घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ हाइवे देवेश सिंह ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आत्मदाह के कारणों की जांच करके दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।




