बरेली और मथुरा बने सिस्टोबॉल चैंपियन, फतेहगंज पश्चिमी में चार दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का भव्य समापन

फतेहगंज पश्चिमी। उड़ान ग्लोबल स्कूल, फतेहगंज पश्चिमी में आयोजित प्रथम जूनियर एवं चतुर्थ सीनियर स्टेट सिस्टोबॉल चैंपियनशिप का भव्य समापन हो गया। चार दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों की टीमों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पुरुष वर्ग में बरेली और महिला वर्ग में मथुरा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।

पुरुष वर्ग के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में वाराणसी ने बदायूं को 26-20 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में बरेली ने गोरखपुर को 38-18 के बड़े अंतर से पराजित कर फाइनल का टिकट हासिल किया।

फाइनल मुकाबले में बरेली की टीम ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए वाराणसी को 38-17 से शिकस्त देकर चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम कर ली। पूरे टूर्नामेंट के दौरान बरेली के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।

महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में मथुरा और लखनऊ की टीमें आमने-सामने रहीं। रोमांचक मुकाबले में मथुरा ने लखनऊ को 24-18 से हराकर महिला वर्ग का खिताब जीत लिया।
समापन समारोह में ज्योति कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट के चेयरमैन शैलेन्द्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि सेक्रेड हार्ट्स पब्लिक स्कूल की डायरेक्टर राधा सिंह बेनीवाल विशिष्ट अतिथि रहीं। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पदक प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सिस्टोबॉल एसोसिएशन बरेली के अध्यक्ष रिजवान अली अंसारी, सचिव अमित कुमार कौशिक, कोषाध्यक्ष मोहित पंत तथा उड़ान ग्लोबल स्कूल के एकेडमिक डायरेक्टर सुमित शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए खेल भावना को बढ़ावा देने पर जोर दिया।



