बॉलीवुडलोकल न्यूज़

बरेली में हुई फ़िल्म मेकर्स व स्टार्स की उपस्थित में फिल्म ‘ना जाने कौन आ गया’ की स्पेशल स्क्रीनिंग

मेयर डॉ. उमेश गौतम रहे मुख्य अतिथि

 

बरेली के फीनिक्स मॉल स्थित आईनॉक्स पीवीआर में रविवार, 15 मार्च को हिंदी फिल्म ‘ना जाने कौन आ गया’ की स्पेशल स्क्रीनिंग आयोजित की गई। इस मौके पर फिल्म के कलाकारों और मेकर्स के साथ शहर की कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम में बरेली के मेयर डॉ. उमेश गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ सोनल गौतम भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।

इस खास अवसर पर फिल्म के मुख्य कलाकार जतिन सरना और मधुरिमा रॉय, निर्देशक विकास अरोड़ा तथा निर्माता पूजा अरोड़ा ने मीडिया और दर्शकों के साथ फिल्म को लेकर बातचीत की। बरेली के स्थानीय फिल्ममेकर विकास अरोड़ा द्वारा निर्देशित यह फिल्म रिश्तों और मानवीय भावनाओं को एक अलग और यथार्थवादी नजरिए से प्रस्तुत करती है।

स्पेशल स्क्रीनिंग के दौरान फिल्म को दर्शकों से अच्छा प्रतिसाद मिला। कार्यक्रम के बाद कलाकारों और मेकर्स ने मीडिया से बातचीत करते हुए फिल्म के निर्माण और इसकी कहानी के बारे में अपने अनुभव साझा किए।

फिल्म के निर्देशक विकास अरोड़ा ने इस अवसर पर कहा, “मेरे लिए यह बेहद खास पल है कि मेरी फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग मेरे अपने शहर बरेली में हो रही है। इस फिल्म को बनाते समय हमारी पूरी टीम ने ईमानदारी से एक ऐसी कहानी कहने की कोशिश की है जो आज के रिश्तों की सच्चाई को सामने लाती है। मुझे उम्मीद है कि दर्शक इस फिल्म से खुद को जुड़ा हुआ महसूस करेंगे।”

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मेयर डॉ. उमेश गौतम ने फिल्म की टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “यह हमारे शहर बरेली के लिए गर्व की बात है कि यहां के एक युवा फिल्ममेकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। स्थानीय प्रतिभाओं को ऐसे ही प्रोत्साहन मिलता रहना चाहिए। मैं फिल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं देता हूं और उम्मीद करता हूं कि यह फिल्म दर्शकों को जरूर पसंद आएगी।”

फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग के दौरान उपस्थित दर्शकों और मीडिया ने कलाकारों के साथ बातचीत की और इस मौके को यादगार बना दिया। कार्यक्रम ने यह भी दर्शाया कि बरेली जैसे शहरों से भी प्रतिभाशाली फिल्मकार उभर रहे हैं, जो भारतीय सिनेमा में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!