फतेहगंज पश्चिमी के न्यू लाइफलाइन हॉस्पिटल पर स्वास्थ्य विभाग की सख्ती, महिला की मौत के मामले में लापरवाही के मिले प्रथमदृष्टया संकेत

बरेली, 17 जून। फतेहगंज पश्चिमी स्थित न्यू लाइफलाइन हॉस्पिटल में प्रसव के बाद महिला की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग की जांच में अस्पताल प्रबंधन की गंभीर लापरवाही के प्रथमदृष्टया संकेत सामने आए हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहगंज के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी को विस्तृत रिपोर्ट भेजी है।

रिपोर्ट के अनुसार, ग्राम ठिरिया खेतल निवासी राजकुमारी पत्नी राम प्रकाश की डिलीवरी के बाद उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी। घटना की जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल का निरीक्षण किया, लेकिन मौके पर अस्पताल बंद मिला। इसके बाद अस्पताल के बाहर नोटिस चस्पा कर अग्रिम आदेश तक चिकित्सा कार्यों पर रोक लगाने की कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान अस्पताल संचालक से मरीज के उपचार से जुड़े अभिलेख तलब किए गए और पीड़ित पक्ष को भी अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया। अस्पताल प्रबंधन द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों तथा पीड़ित परिवार की ओर से प्रस्तुत तथ्यों के परीक्षण में कई विसंगतियां सामने आईं।

प्रथमदृष्टया जांच में सामने आया कि अस्पताल द्वारा सर्जरी करने वाले चिकित्सक की योग्यता और पंजीकरण संबंधी विवरण में विरोधाभास पाया गया। वहीं, दूसरे अस्पताल की ओर से जारी डेथ समरी और न्यू लाइफलाइन हॉस्पिटल के दावों में भी अंतर मिला। इसके अलावा अस्पताल के पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) के नवीनीकरण संबंधी दस्तावेजों पर भी सवाल खड़े हुए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने अपनी रिपोर्ट में इन बिंदुओं को गंभीर मानते हुए आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए मामला मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भेज दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।




