बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर के खिलाफ व्यापार मंडल का बिगुल, मांगें न मानी गईं तो होगा प्रदेशव्यापी आंदोलन

फतेहगंज पश्चिमी। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष अकरम खान ने बढ़ी हुई बिजली दरों, महंगाई और स्मार्ट मीटर व्यवस्था को लेकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिजली दरों में की गई वृद्धि को तत्काल वापस नहीं लिया गया तो व्यापार मंडल प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगा।
अकरम खान ने कहा कि पहले से ही गैस, पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम जनता और व्यापारियों की कमर तोड़ दी है। ऐसे में बिजली बिलों पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त फ्यूल सरचार्ज लगाए जाने से लोगों की परेशानियां और बढ़ जाएंगी। उनका कहना है कि इससे आवश्यक वस्तुओं के दाम 25 से 30 प्रतिशत तक बढ़ सकते हैं, जिसका सीधा असर छोटे, मध्यम और कुटीर उद्योगों पर पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि व्यापार मंडल ने सरकार के समक्ष पांच प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाना, बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस लेना, वाणिज्यिक कनेक्शनों पर न्यूनतम शुल्क समाप्त करना, नए कनेक्शनों पर स्मार्ट मीटर की कीमत कम करना तथा स्मार्ट मीटर खरीद में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराना शामिल है।
अकरम खान ने आरोप लगाया कि पहले दो किलोवाट क्षमता वाले मीटर की कीमत लगभग 675 रुपये थी, जो अब बढ़कर करीब 3850 रुपये तक पहुंच गई है। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि उपभोक्ताओं और व्यापारियों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ नहीं डाला जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने शीघ्र समाधान नहीं निकाला तो व्यापार मंडल शांतिपूर्ण तरीके से धरना-प्रदर्शन, ज्ञापन, पुतला दहन और भूख हड़ताल जैसे लोकतांत्रिक माध्यमों से अपना विरोध दर्ज कराएगा। व्यापार मंडल ने सरकार से जनहित में तत्काल निर्णय लेकर व्यापारियों और आम जनता को राहत देने की मांग की है।


