खेत के रास्ते के विवाद में महिला से मारपीट का आरोप, पुलिस से कार्रवाई की मांग

फतेहगंज पश्चिमी। थाना क्षेत्र के गांव दिवीपुर में खेत के रास्ते के विवाद को लेकर एक महिला ने गांव के छह लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गांव दिवीपुर निवासी कंचन पत्नी मुनीष ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनके पति का खेत के रास्ते को लेकर गांव के कुछ लोगों से काफी समय से विवाद चल रहा है। आरोप है कि कई बार कहने के बावजूद खेत पर जाने का रास्ता नहीं दिया गया।
पीड़िता के अनुसार 19 जून की शाम करीब 7:50 बजे गांव के भगवान दास, बाबू, पुनीत पुत्र सेवाराम तथा तेजपाल, चन्द्रसेन और रूपलाल पुत्र लीलाधर उनके घर में घुस आए और उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर भी आरोपी नहीं माने और अभद्र व्यवहार करते रहे।
कंचन ने थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है, मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
