
बरेली के फतेहगंज पश्चिमी ब्लॉक में शनिवार को हाईवे स्थित राधा कृष्ण मंदिर चौराहे पर दो अलग-अलग सड़क हादसे हो गए, जिनमें कुल चार लोग घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया और एक कार चालक को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के मुताबिक, थाना सिरौली क्षेत्र के धनिपुर गांव निवासी सूरज कुमार और धर्मजीत बाइक से बरेली से अपना काम निपटाकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे हाईवे के राधा कृष्ण मंदिर कट पर पहुंचे, उनके आगे चल रही एक कार अचानक कस्बे की ओर मुड़ी। इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक कार के साइड में जा घुसी।
इस जोरदार टक्कर में सूरज कुमार और धर्मजीत गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद राहगीरों ने भाग रहे कार चालक को पकड़ लिया। पकड़े गए चालक की पहचान सचिन कौशिक के रूप में हुई है, जो कस्बा व थाना शाही का निवासी बताया जा रहा है। लोगों ने उसे कार समेत पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायल बाइक सवारों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। घायलों में सूरज कुमार की हालत नाजुक बताई जा रही है।
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और दुर्घटना में शामिल कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है।



