राजश्री मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस छात्र से मारपीट, मां की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज
सीनियर छात्र मुकुल तोमर समेत 10-12 युवकों पर आरोप, सीओ बोले- जल्द होगी गिरफ्तारी
फतेहगंज पश्चिमी। राजश्री मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के छात्र जतिन बुटेलिया के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने उसकी मां की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में वरिष्ठ छात्र मुकुल तोमर समेत 10-12 युवकों पर मारपीट करने का आरोप है।
जयपुर के लक्ष्मीतारा, रायपुरी विस्तार निवासी सुनीता देवी पत्नी किशोर बुटेलिया ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा जतिन राजश्री मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है। आरोप है कि 25 अक्टूबर की रात करीब नौ से दस बजे के बीच जतिन कॉलेज गेट से हॉस्टल जा रहा था। सीटी स्कैन बिल्डिंग के पास वरिष्ठ छात्र मुकुल तोमर ने उसे गाली देकर बुलाया। विरोध करने पर मुकुल ने उसके सिर और कान पर हाथों से वार किए।तहरीर के मुताबिक, मुकुल जतिन को मारपीट करते हुए हॉस्टल ले गया। वहां हर्षदीप, सौरभ, आनंद, हर्षवर्धन और पारस समेत अन्य युवक मौजूद थे। आरोप है कि कुछ लोगों के रोकने की अपील के बावजूद मारपीट जारी रही। इसके बाद मुकुल जतिन की गर्दन पकड़कर उसे हॉस्टल की तीसरी मंजिल पर स्थित एक कमरे में ले गया, जहां संदीप राठी, केशव भाटी और अन्य युवक मौजूद थे। शिकायत के अनुसार, संदीप राठी और केशव भाटी ने भी जतिन के साथ मारपीट की। इसके बाद उसे दूसरे कमरे में ले जाया गया, जहां प्रवीण, युवराज और अन्य युवकों पर भी मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।माँ ने आरोप लगाया कि उनका बेटा अनुसूचित जाति की खटीक जाति से है और इसी कारण आरोपी उससे द्वेष रखते हैं। मारपीट में जतिन के सिर, कान और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट व सूजन आने की बात भी तहरीर में कही गई है। उन्होंने घटना की पुष्टि के लिए कॉलेज परिसर और हॉस्टल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने की मांग की है।
सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।




