महाकाल बेड़ा संघ के प्रदोष पूजन में उमड़ा आस्था का सैलाब, सांसद समेत एक हजार श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

फतेहगंज पश्चिमी। नगर के मोहल्ला साहूकारा स्थित सनातन धर्म वैश्य सभा ठाकुरद्वारा मंदिर में महाकाल बेड़ा संघ की ओर से विशाल प्रदोष पूजन एवं धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सावन माह में मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में जलाभिषेक कर लौटे कांवरियों के जत्थे द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भगवान शिव की भक्ति में श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। कार्यक्रम में भाजपा सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार समेत करीब एक हजार लोगों ने भगवान शिव का पूजन कर प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम का आयोजन महाकाल बेड़ा संघ के महंत शुभम अग्रवाल के साथ हरीश गुप्ता, मुकेश भारद्वाज, सर्वेश गुप्ता और आशीष अग्रवाल के नेतृत्व में किया गया। श्री धोपेश्वर नाथ प्रदोष मंडली के कलाकारों ने भजनों एवं धार्मिक गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिन पर श्रद्धालु देर रात तक आनंद लेते रहे। पूरे मंदिर परिसर में भगवान शिव के जयकारों से भक्तिमय वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह वीरू एवं भाजपा जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा ने किया। धार्मिक आयोजन के समापन के बाद विशाल प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें करीब एक हजार श्रद्धालुओं ने भोजन ग्रहण किया।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेत्री भक्ति सिंह, विद्युत विभाग के एसडीओ अंकित द्विवेदी, थाना प्रभारी प्रवीन कुमार तथा चौकी प्रभारी आदेश सिंह मय पुलिस फोर्स के मौजूद रहे। पुलिस की मौजूदगी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम संयोजक मंडल में शशांक अग्रवाल, दीनानाथ माली, मयंक अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, लालता प्रसाद, प्रशांत अग्रवाल, सार्थक अग्रवाल, अमन सिंह, अमन गुप्ता, रामकुमार , सुबोध पोरवाल एवं सुरेंद्र पोरवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




