6 महीने से फाइलों में घूम रही शिकायत समस्या जस की तस, गड्ढों में तब्दील हुआ मीरापुर रोड लोग परेशान

फतेहगंज पश्चिमी- एक तरफ केंद्र सरकार ‘प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना’ के तहत हर गांव और कस्बे को पक्की सड़कों से जोड़कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने का दावा करती है, वहीं दूसरी तरफ ‘मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना’ जैसी योजनाओं का मूल मकसद ग्रामीण व कस्बाई इलाकों में अंतिम छोर तक सुलभ, सुरक्षित और निर्बाध सार्वजनिक परिवहन पहुंचाना है।
लेकिन जनपद बरेली के कस्बा फतेहगंज पश्चिमी में बीडीओ कार्यालय से रहपुरा अंडरपास तक का 400 मीटर लंबा मीरापुर रोड इन सभी सरकारी योजनाओं और दावों की धज्जियां उड़ा रहा है
बीडीओ कार्यालय के मुख्य गेट से रहपुरा अंडरपास तक जाने वाला लगभग 400 मीटर लंबा मीरापुर रोड अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है।
इस प्रकरण में छात्र असद अंसारी द्वारा मुख्यमंत्री पोर्टल पर 24 फरवरी 2026 को दर्ज कराई गई शिकायत के 6 महीने बीत जाने के बावजूद अभी तक किसी का ध्यान नहीं है
शिकायत को पहले लोक निर्माण विभाग और अब पंचायती राज विभाग के बीच घुमाया जा रहा है, जबकि धरातल पर लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं।
गड्ढों में भरा बारिश का पानी, गाड़ियां फंस रहीं
बरसात के मौसम में इस सड़क की स्थिति बदहाल हो चुकी है। सड़क पूरी तरह टूटकर गहरे-गहरे गड्ढों में तब्दील हो गई है, जिनमें बारिश का गंदा पानी लबालब भरा हुआ है। गड्ढों की गहराई का अंदाजा न लगने के कारण आए दिन दोपहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो रहे हैं, वहीं चारपहिया और भारी वाहन कीचड़ व पानी में फंस रहे हैं। राहगीरों और स्थानीय व्यापारियों का पैदल निकलना भी दूभर हो गया है।
यह मार्ग मुख्य संपर्क मार्गों में से एक है, क्योंकि यह कई गांवों को कस्बे से जोड़ने का काम करता है

यह मार्ग मीरापुर, रहपुरा, भोलापुर समेत कई गांवों को फतेहगंज पश्चिमी कस्बे से जोड़ता है। दिनभर इस मार्ग पर बड़ी संख्या में दोपहिया, चारपहिया और अन्य वाहनों की आवाजाही होती है। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत की ओर जिम्मेदार विभागों का ध्यान नहीं जा रहा है।
फाइलों में घूम रही शिकायत,
कस्बा निवासी असद अंसारी ने जनहित को ध्यान में रखते हुए फरवरी में शिकायत दर्ज कराई थी। शुरुआत में मामला पीडब्लूडी से संबंधित था, लेकिन विभागों के बीच जिम्मेदारी के फेर में इसे पंचायती राज विभाग को ट्रांसफर कर दिया गया। वर्तमान में यह मामला सहायक विकास अधिकारी (एडीओ) बहेड़ी के पास लंबित है। पोर्टल पर इसे 28 अगस्त 2026 को आगे बढ़ाते हुए निस्तारण की अंतिम तिथि 12 सितंबर 2026 तय की गई है।
मीरापुर निवासी व्यापारी मयंक गुप्ता का कहना है कि यह मार्ग रहपुरा, मीरापुर, खिलचीपुर सहित तमाम गांवों को फतेहगंज पश्चिमी से जोड़ता है सड़क गड्ढों में है या गड्ढों में सड़क है यह बता पाना मुश्किल है लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है इस कारण समस्या जस की तस बनी हुई है




