बाबा महाकाल पर जलाभिषेक कर लौटे जत्थे का भव्य स्वागत
140 किमी की पैदल यात्रा कर ओंकारेश्वर से जल लेकर उज्जैन महाकाल पहुंचे थे कांवड़िये, वापसी पर पुष्प वर्षा व पुष्प-मालाओं से हुआ स्वागत

फतेहगंज पश्चिमी। फतेहगंज पश्चिमी एवं सीबीगंज क्षेत्र के करीब 300 कांवड़िये महंत हरीश गुप्ता, मुकेश भारद्वाज व शुभम अग्रवाल के नेतृत्व में मध्यप्रदेश के ओंकारेश्वर स्थित नर्मदा घाट से जल लेकर उज्जैन महाकाल मंदिर पहुंचे। कांवड़ियों ने करीब 140 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया। कांवड़िये 30 जुलाई को फतेहगंज पश्चिमी से मध्यप्रदेश के लिए रवाना हुए थे। सात अगस्त की देर शाम कांवड़ यात्रा पूरी कर वापस लौटे जत्थे का फतेहगंज पश्चिमी एवं सीबीगंज में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने जोरदार स्वागत किया। कांवड़ियों के पहुंचते ही जगह-जगह फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया गया। इस दौरान आतिशबाजी के साथ ढोल-नगाड़ों की गूंज से माहौल भक्तिमय हो गया। कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने भगवान महाकाल के दर्शन और जलाभिषेक को अपने लिए सौभाग्य बताया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखने को मिला। वापसी के दौरान भी हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।स्वागत कार्यक्रम में शशांक अग्रवाल, राजकुमार गुप्ता, सनी सिंह, गौतम गोयल, हिमांशु अग्रवाल, सुबोध पोरवाल, अमित गोयल, आशीष अग्रवाल, अंशुल सक्सेना, चंदन ठाकुर, गोविंद गुप्ता, मनोहर लाल, शौर्य अग्रवाल,सुलभ गुप्ता, शिवकुमार सक्सेना, कृष्णा, सार्थक और अमन गुप्ता समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।




